▪️ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ बच्चों को बांटी मिठाई व शिक्षा सामग्री

- मुंबई। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर परिवर्तन फाउंडेशन के कार्यालय में देशभक्ति और सामाजिक सरोकार से जुड़ा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित चारकोप पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश बलवंत राव ने ध्वजारोहण किया।
स्वतंत्रता दिवस के इस विशेष अवसर को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए परिवर्तन फाउंडेशन की ओर से जरूरतमंद बच्चों को नोटबुक वितरित की गईं। साथ ही मिष्ठान वितरित कर बच्चों सहित उपस्थित सभी लोगों का मुंह मीठा कराया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश बलवंत राव ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी हमें देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों और जवानों के बलिदान की याद दिलाती है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में हर नागरिक की अपनी जिम्मेदारी है। परिवर्तन फाउंडेशन के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और जरूरतमंदों की मदद करना समाजहित का सराहनीय कार्य है।

कार्यक्रम में एपीआई कोडेकर, एपीआई कड़वी, एपीआई राठौर, संदीप खेडेकर, वरिष्ठ पत्रकार भानु मिश्रा, जयशंकर तिवारी, पत्रकार फखरुद्दीन हाशमी, समाजसेवी वीणा सिंह ठाकुर, परिवर्तन फाउंडेशन के संस्थापक राज किशोर तिवारी, सुधीर प्रसाद, रौनक तिवारी, निशा मौर्य, राधिका तिवारी, दिनेश ताइडे, विजय यादव सहित अन्य स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
परिवर्तन फाउंडेशन के संस्थापक राज किशोर तिवारी ने कहा कि फाउंडेशन लंबे समय से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बच्चों को नोटबुक वितरित कर उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया है। आने वाले समय में भी जरूरतमंद बच्चों और परिवारों के लिए सामाजिक कार्य जारी रहेंगे।
