
▪️मुंबई
मुंबई पुलिस के अश्वदल को मजबूत करने के लिए गृह विभाग ने 1 करोड़ 27 लाख 10 हजार 581 रुपये का फंड मंजूर किया है। इस राशि से नए घोड़ों की खरीद, घुड़सवारी का सामान, पशु चिकित्सा जांच एवं उपचार तथा प्रशिक्षकों के मानदेय पर खर्च किया जाएगा। इससे अश्वदल का विस्तार करने के साथ घोड़ों की देखभाल और प्रशिक्षण सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जाएगा।
मरोल पुलिस कैंप में मुंबई पुलिस के अश्वदल के लिए आधुनिक अस्तबल तैयार किया गया है। यहां फिलहाल 22 घोड़े हैं। अश्वदल का इस्तेमाल परेड, जुलूस, गणेशोत्सव बंदोबस्त, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और समुद्र तटों पर गश्त के लिए किया जाता है।
मरोल में अश्वदल का परिसर 2.96 एकड़ में विकसित किया गया है। यहां 36 स्टेबल, पशु चिकित्सा सुविधा, चिकित्सा व्यवस्था, स्विमिंग पूल और घोड़ों के आराम की व्यवस्था है।
मुंबई पुलिस का अश्वदल वर्ष 1932 में बंद कर दिया गया था। करीब 88 वर्ष बाद 2020 में इसे दोबारा शुरू किया गया। अब गिरगांव, जुहू, अक्सा, दाना पानी, गोराई और उत्तन जैसे समुद्र तटों पर अश्वदल की गश्त बढ़ाने की योजना है। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे स्थानों पर घोड़े पुलिस के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं, जहां वाहनों से पहुंचना मुश्किल होता है।
