
▪️मुंबई
महाराष्ट्र में अमराठी रिक्शा और टैक्सी चालकों को अब बुनियादी मराठी सीखने के लिए एक साल का अतिरिक्त समय दिया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को यह महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस अवधि में मराठी नहीं आने के कारण चालकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, रिक्शा और टैक्सी चालकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर मराठी सीखने के लिए अतिरिक्त समय देने की मांग की थी। प्रतिनिधिमंडल ने जुजबी यानी सामान्य बातचीत लायक मराठी सीखने की आवश्यकता का समर्थन करते हुए कहा कि विभिन्न आयु वर्ग के चालकों के लिए कम समय में भाषा सीखना मुश्किल है।
फडणवीस ने कहा कि चालकों को मराठी सीखने के लिए पर्याप्त अवसर दिया जाना चाहिए। उन्होंने अमराठी चालकों से अपील की कि वे इस एक वर्ष की अवधि में कक्षाओं या उपलब्ध मराठी साहित्य के माध्यम से भाषा सीखें। इस फैसले से फिलहाल अमराठी रिक्शा और टैक्सी चालकों को बड़ी राहत मिली है।
