
▪️मुंबई
महाराष्ट्र में अपनी कड़क कार्यशैली और अनुशासन के लिए चर्चित आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे इन दिनों सोशल मीडिया पर भी खासे लोकप्रिय हो रहे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स की संख्या मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से अधिक है। इतना ही नहीं, पोस्ट पर मिलने वाले लोगों के प्रतिसाद यानी एंगेजमेंट के मामले में भी मुंढे काफी आगे दिखाई दे रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर तुकाराम मुंढे के करीब 34.15 लाख फॉलोअर्स हैं, जबकि देवेंद्र फडणवीस के करीब 29.02 लाख और एकनाथ शिंदे के करीब 13.01 लाख फॉलोअर्स बताए गए हैं।
खास बात यह है कि पिछले 60 दिनों में मुंढे ने केवल 13 पोस्ट कीं, जबकि फडणवीस ने 97 और शिंदे ने 25 पोस्ट कीं। इसके बावजूद मुंढे का इंस्टाग्राम एंगेजमेंट रेट 20.35 प्रतिशत बताया गया है, जो फडणवीस के 0.50 प्रतिशत और शिंदे के 0.24 प्रतिशत से काफी अधिक है।
‘एक्स’ पर फडणवीस और शिंदे के फॉलोअर्स अधिक हैं, लेकिन एंगेजमेंट रेट में मुंढे आगे हैं। मुंढे की पोस्ट और उनके काम पर सोशल मीडिया यूजर्स द्वारा बनाए जा रहे रील्स और वीडियो भी उनकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाते हैं।
