
▪️मुंबई
महंगाई से परेशान मुंबईकरों को एक और झटका लगने वाला है। मुंबई दुग्ध उत्पादक संघ ने दूध के थोक भाव में 9 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। नई दरें 1 सितंबर 2026 से लागू होने की संभावना है। इसके बाद दूध का थोक भाव 93 रुपए से बढ़कर 102 रुपए प्रति लीटर हो जाएगा। प्रस्तावित नई दर 28 फरवरी 2027 तक लागू रहने की बात कही गई है।
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का असर आने वाले दिनों में खुदरा बाजार पर भी दिखाई दे सकता है। इससे आम परिवारों के घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की आशंका है। खासकर त्योहारी मौसम की शुरुआत में दूध महंगा होने से उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है।
दूध उत्पादकों के मुताबिक, पशुपालन की लागत लगातार बढ़ रही है। दुधारू पशुओं की कीमतों के साथ पशुचारे और अन्य खाद्य सामग्री के दाम में भी वृद्धि हुई है। दाणा, तूरचुणी और चणाचुणी जैसे पशु आहार की कीमतों में करीब 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। चारा और पेंड महंगा होने से दूध उत्पादन की लागत भी बढ़ गई है।
जोगेश्वरी स्थित दिवाण सेंटर सभागृह में हुई बैठक में इन बढ़ती लागतों पर चर्चा के बाद दूध के थोक भाव में वृद्धि का निर्णय लिया गया। उत्पादकों का कहना है कि बढ़ी हुई कीमतों से उन्हें बढ़ती उत्पादन लागत के अनुरूप राहत मिल सकेगी।
