
▪️मुंबई
मुंबई शहर और मुंबई उपनगर जिलों के मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत महाराष्ट्र की प्रारूप मतदाता सूची 31 अगस्त 2026 को जारी की जाएगी। प्रारूप सूची में नाम नहीं होने या किसी कारणवश नाम हटाए जाने की स्थिति में संबंधित मतदाताओं को अपना नाम फिर से दर्ज कराने और दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा।
निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 31 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। प्रारूप सूची में नाम नहीं होने वाले मतदाताओं द्वारा दाखिल दावे और आपत्तियों पर निर्वाचन अधिकारियों की ओर से सुनवाई की जाएगी। यह प्रक्रिया 31 अगस्त से 29 अक्टूबर के बीच पूरी की जाएगी। संबंधित मतदाताओं को नोटिस देकर सुनवाई का अवसर दिया जाएगा और दस्तावेजों की जांच के बाद दावों पर निर्णय लिया जाएगा।
दावे और आपत्तियों के निपटारे के बाद 4 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। ऐसे में मुंबई के मतदाताओं के लिए 31 अगस्त के बाद प्रारूप सूची में अपना नाम जांचना बेहद महत्वपूर्ण होगा।
