
मुंबई। महाराष्ट्र में मानसून की रफ्तार भले ही पिछले कुछ दिनों से सुस्त पड़ी हो, लेकिन अब एक बार फिर कई इलाकों में बारिश का दौर शुरू होने के संकेत हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आने वाले दिनों में बारिश की संभावना जताई है।
रविवार को दक्षिण कोंकण, गोवा और उत्तर कोंकण के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, उत्तर मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग ने विदर्भ के साथ गडचिरोली और गोंदिया में येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा ठाणे, रायगढ़, पालघर, नासिक, नागपुर, रत्नागिरी और सतारा सहित कई जिलों में भी मौसम करवट ले सकता है।
मुंबई में दिनभर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में थोड़े समय के लिए तेज हवाएं भी चल सकती हैं। शहर में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से स्थानीय स्तर पर जारी होने वाले मौसम अपडेट पर नजर रखने और बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
