
▪️मुंबई
मुंबई और महानगर क्षेत्र में किराए के घर की तलाश कर रहे लोगों के लिए महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) जल्द ही नई सुविधा शुरू करने जा रहा है। म्हाडा की विभिन्न आवास योजनाओं और लॉटरी में बिक्री से वंचित रह गए खाली फ्लैट अब किराए पर दिए जाएंगे।
इस नीति को मंजूरी मिलने के बाद खाली घरों को किराए पर देने की प्रक्रिया ऑनलाइन की जाएगी। इसके लिए एक अलग पोर्टल विकसित किया जा रहा है।
म्हाडा के अनुसार, लॉटरी के बाद कई मकान कीमत अधिक होने या अन्य कारणों से नहीं बिक पाते। लंबे समय तक खाली रहने से इन मकानों से मिलने वाला राजस्व भी अटक जाता है। अब इन्हीं घरों को किराए पर देकर म्हाडा को आय होगी और जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध होगा।
विरार-बोलींज क्षेत्र में करीब 800 मकान फिलहाल खाली बताए जा रहे हैं। मुंबई और पुणे मंडल के अन्य खाली मकानों को भी इस योजना में शामिल किया जा सकता है।
