
▪️मुंबई
मुंबई में जुलाई में जमकर बरसने के बाद अगस्त में मानसून अचानक कमजोर पड़ गया। अब सितंबर से भी मुंबईकरों को भारी बारिश की उम्मीद कम है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सितंबर में मुंबई में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान जताया है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में हल्की बूंदाबांदी होने से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।
अगस्त में मुंबई में बारिश सामान्य से काफी कम रही। सांताक्रूज वेधशाला में 1 से 31 अगस्त के बीच 318 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि अगस्त का औसत 560.8 मिमी है। यानी यहां सामान्य से 43 फीसदी कम बारिश हुई। वहीं, कोलाबा में महज 164.2 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो औसत 471.9 मिमी से 65 फीसदी कम है।
कम बारिश के कारण दक्षिण मुंबई में अगस्त पिछले एक दशक का दूसरा सबसे सूखा अगस्त रहा। इससे पहले 2023 में सबसे कम 111 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। जून से मुंबई में अब तक 2,224 मिमी बारिश हो चुकी है। सितंबर में होने वाली बारिश अब मानसून के अंतिम आंकड़े के लिए अहम होगी।
