- मुंबई। गणेश भक्तों की सुविधा के लिए मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एमएमआरसी) ने मेट्रो लाइन-3 यानी एक्वा लाइन की सेवा गणेशोत्सव के दौरान आधी रात तक चलाने का निर्णय लिया है। 14 से 25 सितंबर 2026 तक कफ परेड और आरे जेवीएलआर दोनों टर्मिनल स्टेशनों से अंतिम मेट्रो रात 12 बजे रवाना होगी। फिलहाल अंतिम सेवा रात 10:30 बजे होती है।

इस फैसले से गणपति दर्शन और विभिन्न गणेश मंडलों में जाने वाले श्रद्धालुओं को देर रात तक सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। सिद्धिविनायक, दादर, वर्ली, महालक्ष्मी और गिरगांव सहित प्रमुख इलाकों में गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। अतिरिक्त मेट्रो सेवा से सड़क यातायात और भीड़ का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।
एमएमआरसी ने मुंबईकरों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने और सुरक्षित यात्रा के साथ गणेशोत्सव का आनंद लेने की अपील की है।
इसके अलावा मेट्रो में 18 इंच यानी करीब 45 सेंटीमीटर तक ऊंची गणेश प्रतिमा ले जाने की अनुमति भी दी गई है। हालांकि, श्रद्धालुओं को निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। इससे गणेश प्रतिमा लाने और विसर्जन के लिए ले जाने वाले भक्तों को भी राहत मिलेगी।
