
▪️मुंबई। पत्रकारों के अनियमित कार्य समय और लगातार घटनास्थलों पर काम करने से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर को देखते हुए विधानभवन में विशेष स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिविर का दौरा कर पत्रकारों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।
फडणवीस ने कहा कि पत्रकारों का काम 24 घंटे चलता है। नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं होने से कई बार बीमारी का पता देर से चलता है। ऐसे शिविरों से शुरुआती लक्षणों की पहचान कर समय पर उपचार संभव है। उन्होंने बताया कि पत्रकारों और उनके परिवारों को बीमारी, उपचार या सर्जरी के दौरान सहायता एवं चिकित्सा समन्वय देने के लिए मुख्यमंत्री सहायता निधि में स्वतंत्र नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शिविर में नेत्र, हृदय, त्वचा, कैंसर, श्वसन, दंत, मानसिक स्वास्थ्य समेत विभिन्न विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध रहीं। करीब 600 डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मचारियों ने सेवाएं दीं। लगभग 892 पत्रकारों और अन्य लोगों की जांच व उपचार किया गया।
