
▪️मुंबई। महाराष्ट्र में बारिश ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से शनिवार रात से राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश शुरू हो गई। मुंबई और उपनगरों में भी रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।
उत्तर कोंकण और उत्तर मराठवाड़ा में तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। नंदुरबार, धुले और नाशिक के घाट क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मुंबई, ठाणे, पालघर, नाशिक, जलगांव, पुणे, रत्नागिरी, अहिल्यानगर, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड, सातारा, अकोला, परभणी, हिंगोली और अमरावती समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
विदर्भ में भी बारिश का असर दिखाई दे रहा है। नागपुर, यवतमाल, गोंदिया, गडचिरोली, वाशिम, बुलढाणा, वर्धा और चंद्रपुर में अलर्ट जारी है। करीब एक महीने के अंतराल के बाद हुई बारिश से खेतों में मुरझा रही फसलों को राहत मिली है। जलगांव में पिछले 24 घंटों में 16.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। किसानों को इस बारिश से बड़ी उम्मीदें हैं।
