
▪️मुंबई। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत मुंबई के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 26 और 27 सितंबर को विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर लगाए जाएंगे। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की ओर से आयोजित इन शिविरों में नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोक्कलिंगम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रारूप मतदाता सूची में नाम या अन्य विवरण को लेकर दावे और आपत्तियां 30 सितंबर 2026 तक स्वीकार की जाएं। साथ ही नागरिकों को आवेदन भरने और जमा करने में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है।
शिविरों में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, नाम हटाने तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में सुधार या अद्यतन के लिए आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध रहेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी और बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने नागरिकों से 26 और 27 सितंबर के विशेष शिविरों का लाभ उठाने की अपील की है।
प्रशासन का कहना है कि शिविरों का उद्देश्य मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को नागरिकों के लिए आसान बनाना और निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने में सहायता देना है। महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रारूप मतदाता सूची में नाम खोजने और एसआईआर से संबंधित जानकारी की सुविधा भी उपलब्ध है।
