
▪️मुंबई। मुंबई में मेट्रो विस्तार और पुराने आवासीय परिसरों के पुनर्विकास को गति देने वाले महत्वपूर्ण फैसले मंगलवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए। मुंबई मेट्रो मार्ग 4, 4ए और 10 के एकीकृत कार शेड डिपो के लिए जमीन उपलब्ध कराने वाले मोघरपाड़ा के परियोजना प्रभावित किसानों को विकसित भूखंड देने का निर्णय लिया गया है।
मौजे मोघरपाड़ा के सर्वे क्रमांक 30 के प्रभावित किसानों को 22.5 प्रतिशत और 12.5 प्रतिशत विकसित भूखंड मालिकाना हक के आधार पर दिए जाएंगे। इससे मेट्रो परियोजना के लिए जमीन देने वाले किसानों को पुनर्वास प्रक्रिया में प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
मंत्रिमंडल ने खार पश्चिम के रामकृष्णनगर स्थित म्हाडा की पुरानी और जर्जर इमारतों के समूह पुनर्विकास को भी मंजूरी दी है। पुनर्विकास के बाद क्षेत्र में नए आवासीय भवनों के साथ सड़क, जलापूर्ति, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं में सुधार का रास्ता साफ होगा।
इसके अलावा राज्य में सूखे की स्थिति से निपटने के लिए मंत्रिमंडल उपसमिति गठित करने का फैसला लिया गया है। राजस्व मंत्री इस समिति के अध्यक्ष होंगे। सूखा निवारण के लिए आवश्यक निर्णय लेने के अधिकार समिति को दिए गए हैं। सरकार शनिवार तक प्राथमिक अधिसूचना जारी करेगी। मंत्री प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर खेतों का निरीक्षण भी करेंगे, जिससे किसानों तक राहत पहुंचाने की प्रक्रिया तेज हो सके।
