
▪️मुंबई। मुंबई के समुद्री तट और बंदरगाह क्षेत्रों में बढ़ते प्लास्टिक व तैरते कचरे को हटाने के लिए अब मानवरहित विद्युत रोबोटिक बोटों की मदद ली जाएगी। ससून डॉक और जमशेदजी बंदर क्षेत्र में दो और बोटों की आपूर्ति, संचालन और रखरखाव के प्रस्ताव को मनपा आयुक्त अश्विनी भिडे ने मंजूरी दी है। परियोजना पर 3.64 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बैटरी से चलने वाली इन बोटों में सौर पैनल भी लगाए गए हैं। इन्हें स्वचालित या दूरस्थ रूप से नियंत्रित किया जा सकेगा। करीब 500 मीटर की कार्यक्षमता वाली बोटें समुद्र की सतह से प्लास्टिक और अन्य तैरता कचरा एकत्र करेंगी। बाद में कचरे को अलग कर पुनर्चक्रण के लिए भेजा जाएगा।
मनपा ने मई में गेटवे ऑफ इंडिया और बधवार पार्क क्षेत्र में दो ऐसी बोटें तैनात की थीं। नगरसेवक मकरंद नार्वेकर के अनुसार, इनसे रोजाना 80 से 90 किलो कचरा निकाला जा रहा है। इसी अनुभव के आधार पर दो और बोटें तैनात की जाएंगी।
