
▪️मुंबई। मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) देश के प्रमुख आवासीय बाजारों में अपनी मजबूत स्थिति बनाए हुए है। वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही यानी जुलाई से सितंबर के दौरान एमएमआर में करीब 31,750 घरों की बिक्री हुई। यह पिछले वर्ष की इसी अवधि में हुई 30,260 इकाइयों की बिक्री से करीब 5 प्रतिशत अधिक है। दूसरी तिमाही की तुलना में भी आवास बिक्री में 11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
रियल एस्टेट सलाहकार कंपनी अनारॉक के आंकड़ों के अनुसार, एमएमआर और बेंगलुरु ने मिलकर देश के सात प्रमुख शहरों में हुई कुल आवास बिक्री में करीब 48 प्रतिशत हिस्सेदारी दर्ज की। इन सात शहरों में तीसरी तिमाही में कुल 1,00,220 घर बिके, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 3 प्रतिशत अधिक हैं।
एमएमआर में इस दौरान नए आवासों की आपूर्ति भी बढ़ी। करीब 37,500 नए घर बाजार में उतारे गए, जो सालाना आधार पर 27 प्रतिशत अधिक हैं। इनमें बड़ी संख्या में महंगे आवास शामिल हैं और 30 प्रतिशत से अधिक इकाइयों की कीमत 1.5 करोड़ रुपये से ज्यादा रही।
रिपोर्ट के मुताबिक, त्योहारी मौसम के दौरान आवासीय मांग में और तेजी आने की संभावना है।
