
▪️मुंबई। फ्लायदुबई की उड़ान में यात्रियों की जान बचाने के लिए साहस दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के सम्मान में मुंबई में इजरायल की ओर से होर्डिंग लगाए गए हैं। मुंबई स्थित इजरायली महावाणिज्य दूतावास ने शहर के प्रमुख इलाकों में लगाए गए इन होर्डिंग के जरिए कैप्टन स्मित के साहस को सलाम करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
मुंबई में इजरायल के महावाणिज्यदूत यानिव रेवाच ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कैप्टन स्मित की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत को एक नया नायक मिला है और इजरायल उनका नाम कभी नहीं भूलेगा। रेवाच ने कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए इजरायल में उनका स्वागत करने की इच्छा भी जताई।
दरअसल, फ्लायदुबई की उड़ान एफजेड-1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। यात्रा के दौरान विमान में गंभीर आपात स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान कैप्टन स्मित घायल हो गए, लेकिन उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी कॉकपिट का दरवाजा खोलकर स्थिति को संभालने में मदद की। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया।
कैप्टन स्मित के साहस को सम्मान देने के लिए मुंबई के वॉर्डन रोड, नेपियन सी रोड, बांद्रा पूर्व, बीकेसी-सायन कनेक्टर और अंधेरी-जोगेश्वरी फ्लाईओवर समेत कई प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगाए गए हैं। इनमें यात्रियों की जान बचाने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया गया है।
