
▪️मुंबई। मुंबई में दक्षिण-पश्चिम मानसून 2026 का सफर 3 अक्टूबर को समाप्त हो गया। सामान्य तौर पर मानसून 8 अक्टूबर के आसपास मुंबई से विदा होता है, लेकिन इस बार पांच दिन पहले ही इसकी वापसी हो गई। इसके साथ ही शहर में बारिश का दौर कमजोर पड़ गया है और अक्टूबर की गर्मी का असर बढ़ने लगा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मुंबई के साथ परभणी, बारामती और हरनाई से भी मानसून की वापसी हो चुकी है। अगले सप्ताह विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल रहने की संभावना है।
इस बार मुंबई में बारिश का आंकड़ा क्षेत्रवार अलग रहा। 1 जून से मानसून अवधि के दौरान मुंबई शहर में 1,957.1 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि सामान्य औसत 2,094.5 मिमी है। यानी शहर में 7 प्रतिशत कम बारिश हुई। इसके विपरीत उपनगरों में 2,530.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य 2,318.8 मिमी से 9 प्रतिशत अधिक है।
मुंबई से मानसून की वापसी की तारीखों में पिछले वर्षों में काफी अंतर रहा है। वर्ष 2025 में 10 अक्टूबर, 2024 में 15 अक्टूबर, 2023 में 6 अक्टूबर, 2022 में 23 अक्टूबर, 2021 में 14 अक्टूबर और 2020 में 28 अक्टूबर को मानसून ने मुंबई से विदाई ली थी।
