
▪️मुंबई। मुंबई महानगर क्षेत्र में प्रस्तावित तीसरी और चौथी मुंबई के विकास की योजना ने अब गति पकड़ ली है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से 565 गांवों में करीब 2,008 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र के मौजूदा भूमि उपयोग का सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। सर्वेक्षण के आधार पर तैयार तीन रिपोर्ट महानगर आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सौंप दी हैं।
सर्वेक्षण रिपोर्ट के मुताबिक, पनवेल, पेण और उरण तालुका के 124 गांवों में करीब 324 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को तीसरी मुंबई के रूप में विकसित करने की योजना है। वहीं, पालघर के 224 गांवों में लगभग 1,007 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में चौथी मुंबई विकसित की जाएगी।
इसके अलावा रायगढ़ और अलीबाग के 217 गांवों में करीब 677 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को दक्षिण विस्तारित अधिसूचित क्षेत्र के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। अलीबाग को अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की भी योजना है।
रिपोर्ट के अनुसार, सर्वेक्षित क्षेत्र का करीब 45 प्रतिशत हिस्सा वन और हरित क्षेत्र में आता है। विकास योजना में मैंग्रोव, आर्द्रभूमि, नदियों और अन्य जलस्रोतों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जाएगी। शेष 55 प्रतिशत क्षेत्र में नियोजित तरीके से विकास किया जा सकेगा।
अब प्रस्तावित भूमि उपयोग का प्रारूप तैयार किया जाएगा। इसी प्रारूप के आधार पर तीसरी और चौथी मुंबई समेत दक्षिण विस्तारित क्षेत्र के विकास की आगामी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
