● मरम्मत कार्य के चलते बदली तारीख

ठाणे।
पाइपलाइन मरम्मत कार्य के कारण ठाणे के कई इलाकों में अब 25 जुलाई (शुक्रवार) को 24 घंटे तक जलापूर्ति बंद रहेगी। पहले यह बंदी 22 जुलाई (मंगलवार) को घोषित की गई थी लेकिन अब इसे शहाड कच्चा जल पंपिंग स्टेशन पर जरूरी मरम्मत कार्यों के चलते आगे बढ़ा दिया गया है।
यह कार्य महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी (MSEDCL) की देखरेख में किया जाएगा, जिसमें मीटर बदलने और पाइपलाइन की लीकेज की मरम्मत शामिल है।

पानी आपूर्ति बंद रहने का समय
पानी की आपूर्ति 25 जुलाई सुबह 9 बजे से लेकर 26 जुलाई सुबह 9 बजे तक चरणबद्ध तरीके से बंद की जाएगी। इस दौरान ठाणे महानगरपालिका अपने नेटवर्क से एक बार सीमित जल आपूर्ति करती रहेगी।
कहां और कब बंद रहेगी जलापूर्ति?
सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक:
घोड़बंदर रोड, पाटलीपाड़ा, बालकुम, ब्रह्मांड, पवार नगर, कोठारी कंपाउंड, डोंगरी पाड़ा, वाघबिल
रात 9 बजे से अगले दिन सुबह 9 बजे तक
सामतानगर, ऋतुपार्क, सिद्धेश्वर, एटर्निटी, जॉनसन, जेल, साकेत, उठलसर, रेती बंदर, कालवा और मुंब्रा के कुछ हिस्से
प्रशासन ने चेताया है कि जल आपूर्ति बहाल होने के बाद 1-2 दिन तक प्रेशर कम रह सकता है। नागरिकों से आग्रह है कि पानी पहले से स्टोर कर लें और उसका विवेकपूर्ण उपयोग करें। ठाणे मनपा ने इस सन्दर्भ में एक ट्वीट भी किया है।