▪️ओला, उबर और रैपिडो समेत सभी संचालकों को नौ महीने की मोहलत

▪️मुंबई। महाराष्ट्र में बाइक टैक्सी सेवा अब पूरी तरह इलेक्ट्रिक होने की राह पर है। राज्य सरकार ने ओला, उबर, रैपिडो समेत सभी बाइक टैक्सी संचालकों को जुलाई 2027 तक अपना पूरा बेड़ा इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश के बाद परिवहन विभाग ने संबंधित कंपनियों और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों को इस संबंध में पत्र भेजा है।
सरकार के निर्देश के मुताबिक पेट्रोल से चलने वाली बाइक टैक्सियों को इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने के लिए संचालकों को पहले छह महीने का समय मिलेगा। महाराष्ट्र बाइक टैक्सी नियम-2025 के तहत अस्थायी या अंतरिम लाइसेंस के लिए आवेदन कर चुके संचालकों को तीन महीने की अतिरिक्त मोहलत दी जाएगी। इस तरह अधिकतम नौ महीने में पूरा बेड़ा इलेक्ट्रिक करना होगा।
हालांकि, सरकार के फैसले से बाइक टैक्सी चालकों की चिंता बढ़ गई है। महाराष्ट्र बाइक टैक्सी वेलफेयर एसोसिएशन ने डेढ़ साल की समय-सीमा की मांग की थी। संगठन के मुताबिक अधिकांश चालक मध्यम और निम्न-मध्यम वर्ग से हैं, ऐसे में कम समय में महंगे इलेक्ट्रिक वाहन खरीदना उनके लिए चुनौतीपूर्ण होगा। चालकों ने चार्जिंग केंद्रों की कमी और बैटरी की आयु को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
बाइक टैक्सी कंपनियों ने इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलाव के लिए 2030 तक का समय मांगा था, लेकिन सरकार ने अधिकतम नौ महीने की अवधि तय की है।
