- मुंबई। अंधेरी पश्चिम के यारी रोड और लोखंडवाला को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित फ्लाईओवर का निर्माण दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य मुंबई महानगरपालिका ने रखा है। महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त (परियोजनाएं) अभिजीत बांगर ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को तय समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

कवठे नाले पर अमरनाथ टावर के पास बनने वाला यह फ्लाईओवर 206 मीटर लंबा और 11 मीटर चौड़ा होगा। इसमें 110 मीटर का मुख्य पुल तथा सरदार वल्लभभाई पटेल नगर और अमरनाथ टावर की ओर क्रमश: 40 और 56 मीटर लंबे संपर्क मार्ग बनाए जाएंगे। फ्लाईओवर बनने से यारी रोड, पंचमार्ग और वर्सोवा क्षेत्र का संपर्क सरदार वल्लभभाई पटेल नगर, लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स और समर्थ नगर से बेहतर होगा।
फिलहाल कवठे नाले के कारण इन इलाकों के बीच सीधा सड़क संपर्क बाधित है। नए पुल के निर्माण से यातायात की समस्या कम होने और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। महानगरपालिका के अनुसार, वर्तमान में करीब 30 मिनट लगने वाला सफर फ्लाईओवर बनने के बाद लगभग 10 मिनट में पूरा हो सकेगा।
वर्सोवा-बांद्रा सी लिंक और उत्तर मुंबई तटीय सड़क परियोजनाओं के पूरा होने के बाद यह फ्लाईओवर एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक संपर्क मार्ग के रूप में भी उपयोगी साबित होगा।
