▪️हरमनप्रीत कौर के कप्तानी छोड़ने के बाद बीसीसीआई ने सौंपी जिम्मेदारी
- मुंबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम में नेतृत्व का नया अध्याय शुरू हो गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने स्मृति मंधाना को भारतीय महिला टीम की सीमित ओवरों की नई कप्तान नियुक्त किया है। हरमनप्रीत कौर के सभी प्रारूपों की कप्तानी से हटने के बाद मंधाना को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मंधाना लंबे समय से भारतीय टीम का अहम हिस्सा रही हैं। वर्ष 2013 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाली मंधाना ने अब तक 18 टी-20 अंतरराष्ट्रीय और चार वनडे मैचों में भारत की कप्तानी की है। घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता साबित की है। हाल ही में उनकी कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने महिला प्रीमियर लीग का खिताब जीता था।
BCCI ने मंधाना के अनुभव, खेल की समझ और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन पर भरोसा जताया है। बोर्ड के अनुसार, भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब नए नेतृत्व के साथ आगे बढ़ेगी।
- हरमनप्रीत का कप्तानी को अलविदा
विश्व कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार को सभी प्रारूपों की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया। हालांकि वह खिलाड़ी के रूप में भारतीय टीम का हिस्सा बनी रहेंगी। उनकी कप्तानी में भारत ने 2025 में पहली बार महिला वनडे विश्व कप का खिताब जीता था। इसके अलावा टीम ने एशियन गेम्स में भी स्वर्ण पदक हासिल किए।
हरमनप्रीत ने कहा कि कप्तानी का सफर समाप्त हो रहा है, लेकिन भारतीय क्रिकेट के लिए उनका सफर जारी रहेगा। अब उनकी भूमिका एक वरिष्ठ खिलाड़ी के रूप में टीम को अनुभव और मार्गदर्शन देने की होगी।
