- मुंबई। एक महिला की 30 से 40 हजार रुपये की मासिक कमाई ने उसके परिवार की आर्थिक स्थिति को नई दिशा दे दी। महिला गिग वर्कर के रूप में काम करती हैं, जबकि उनके पति ऑटो चलाते हैं। दोनों की संयुक्त मासिक आय करीब 80 हजार से 1 लाख रुपये तक पहुंच गई है। बढ़ी आमदनी का असर अब उनके बच्चे की पढ़ाई पर भी दिखाई दे रहा है। दंपत्ति ने अपने बच्चे का दाखिला ऐसे स्कूल में कराया है, जिसकी सालाना फीस करीब 1.5 लाख रुपये है।

- एक प्रेरक अनुभव Snabbit के वरिष्ठ अधिकारी साई किरण सिंगनमाला ने LinkedIn पर साझा किया। उनके मुताबिक, महिला करीब चार महीने पहले कंपनी से जुड़ी थीं। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि नौकरी मिलने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ और वे अपने बच्चे को बेहतर स्कूल में पढ़ाने का सपना पूरा कर सकीं।
साई किरण ने कहा कि महिला की 30-40 हजार रुपये की कमाई सिर्फ एक अतिरिक्त आय नहीं है, बल्कि इससे पूरे परिवार के जीवन में बदलाव आया है। पति की आय के साथ मिलकर परिवार अब बेहतर शिक्षा और अन्य जरूरतों पर अधिक खर्च कर पा रहा है।
उन्होंने इस अनुभव को महिलाओं के आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के महत्व का उदाहरण बताया। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इसे सराहा और कहा कि महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलने से उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और बच्चों के भविष्य पर पड़ता है।
