- मुंबई। आईआईटी बॉम्बे के पवई स्थित परिसर में गुरुवार रात गैस रिसाव के बाद आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो बच्चों समेत पांच लोग झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 10.24 बजे परिसर के हॉस्टल नंबर-6 में हुई। गैस सिलेंडर की पाइप से रिसाव के बाद अचानक आग भड़क उठी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बीएमसी के कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। दमकल एवं राहत-बचाव दल ने स्थिति को नियंत्रित किया।
घायलों में 12 और 9 वर्ष के दो बच्चे शामिल हैं। दोनों को उपचार के लिए कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा ईश्वर सिंह (37) को राजावाड़ी अस्पताल में रखा गया, जबकि शिवकुमार सिंह (34) और अनिलकुमार यादव (23) को कस्तूरबा अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग गैस पाइप से रिसाव के कारण लगी। हालांकि रिसाव की सटीक वजह और घटना से हुए नुकसान का विस्तृत ब्योरा अभी सामने नहीं आया है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
