
▪️मुंबई । श्रीमती कमला देवी गौरी दत्त कनिष्ठ महाविद्यालय, मालाड के हिंदी विभाग और हिंदुस्तानी प्रचार सभा के संयुक्त तत्वावधान में वाक् स्पर्धा आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने ‘वरिष्ठ नागरिक : परिवार की अमूल्य धरोहर’ और ‘क्या आधुनिकता और भारतीय संस्कारों का समन्वय धरती को स्वर्ग बना सकता है?’ विषयों पर विचार रखे। करीब 33 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वाणिज्य विभाग की शालू प्रजापति ने प्रथम, श्वेता पांडे ने द्वितीय और ईश्वर यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तायबा पठान और रानी किर को प्रोत्साहन पुरस्कार मिला। विजेताओं को क्रमशः 3,000, 2,000, 1,500 और 1,000 रुपए की पुरस्कार राशि तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए गए। निर्णायक मंडल में हिंदुस्तानी प्रचार सभा की विशेष कार्याधिकारी डॉ. रीता कुमार, डॉ. मंजुला देसाई, डॉ. प्रज्ञा शुक्ला और डॉ. जावेद शेख शामिल रहे।
महाविद्यालय की निर्देशिका डॉ. सुहासिनी आर्या, प्राचार्या डॉ. शगुन श्रीवास्तव, उपप्राचार्या मनीषा सिंह और हेमा माझंगावकर ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
