- मुंबई। विश्वभर के हिंदू नेतृत्व, विचारकों, उद्यमियों और विशेषज्ञों का वैश्विक मंच वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस-2026 इस बार मुंबई में सजेगा। तीन दिवसीय सम्मेलन 18 से 20 दिसंबर तक बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे।

आयोजकों के मुताबिक, सम्मेलन में 60 से अधिक देशों के 4,000 से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। 45 से अधिक सत्रों में 150 से ज्यादा वक्ता अर्थव्यवस्था, शिक्षा, मीडिया, राजनीति, महिला सशक्तीकरण, युवा और सामाजिक संगठनों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।
वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के प्रवर्तक स्वामी विज्ञानानंद ने बताया कि इस बार धर्म, समाज, भाषा और विश्वकर्मा विषयों पर विशेष पूर्ण सत्र होंगे। इनमें धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं, सामाजिक समरसता, भाषाई-सांस्कृतिक विरासत तथा कौशल, उद्यमिता और कारीगरों के योगदान पर चर्चा होगी।
सम्मेलन में पहली बार वर्ल्ड हिंदू एक्सपो भी आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य व्यापार, वाणिज्य और आर्थिक सहयोग के लिए नए अवसरों को बढ़ावा देना है। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘समानं व्रतं सह चित्तम्’ – साझा प्रतिबद्धता, सामूहिक संकल्प रखी गई है।
सम्मेलन में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित उद्योग, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और सांस्कृतिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों की सहभागिता प्रस्तावित है। मुंबई आयोजन समिति के चेयरमैन अजय पीरामल हैं।
