
▪️मुंबई
महाराष्ट्र में सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नए साल की शुरुआत में हवाई एंबुलेंस सेवा शुरू करने की योजना बनाई गई है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया कि इस सेवा का उद्देश्य दुर्घटना के बाद के पहले महत्वपूर्ण घंटे यानी ‘गोल्डन ऑवर’ में घायलों को ट्रॉमा केयर सेंटर तक पहुंचाकर उनकी जान बचाना है।
इस योजना के तहत समृद्धि महामार्ग, मुंबई-पुणे द्रुतगति महामार्ग और मुंबई-गोवा महामार्ग पर विशेष व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके लिए 15 नवंबर तक मानक संचालन प्रक्रिया तैयार कर मंजूरी लेने और नवंबर के अंत तक उच्चाधिकार समिति की स्वीकृति के बाद निविदा प्रक्रिया शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इस संबंध में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर, गृह राज्य मंत्री योगेश कदम तथा परिवहन, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। राज्य में हर साल लगभग 15 हजार सड़क दुर्घटनाएं होने की जानकारी दी गई।
