▪️एकता कपूर ने ‘हिंदूफोबिया’ पर उठाए सवाल

- मुंबई। फिल्म निर्माता एकता कपूर ने बॉलीवुड में हिंदू परंपराओं, धार्मिक पहचान और भारतीय लोककथाओं को लेकर कथित पूर्वाग्रह पर चिंता जताई है। रणवीर अल्लाहबादिया के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि मनोरंजन जगत में पश्चिमी संस्कृति को सहजता से स्वीकार किया जाता है, लेकिन हिंदू पौराणिक कथाओं और लोकपरंपराओं को प्रस्तुत करने में कई बार झिझक दिखाई देती है। उन्होंने इस प्रवृत्ति को ‘हिंदूफोबिया’ से जोड़कर देखा।
एकता ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कम उम्र में तिलक लगाने और धार्मिक धागे पहनने के कारण उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। उन्होंने मंदिर जाने के बाद क्लब जाने से जुड़ा एक प्रसंग भी बताया। उनके मुताबिक, लोगों ने इस बात पर हैरानी जताई कि वह मंदिर जाने के बाद क्लब कैसे जा सकती हैं।
एकता ने इस तरह की सोच पर सवाल उठाते हुए कहा कि धार्मिक आस्था और आधुनिक जीवनशैली को एक-दूसरे के विरोध में नहीं देखा जाना चाहिए।
उनकी फिल्म ‘द वन’ भी भारतीय लोककथा की पृष्ठभूमि पर आधारित है। दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी बिहार के बिहटा स्थित मां वन देवी मंदिर से जुड़ी लोककथा पर आधारित बताई गई है।
