●बारिश के तेवर फिर होंगे तेज, कोंकण में एलर्ट की घंटी
● 17 अगस्त को मुंबई, ठाणे, रायगड और रत्नागिरी में भारी वर्षा की चेतावनी

मुंबई।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि 20 अगस्त 2025 तक कोंकण और मध्य महाराष्ट्र के सटे घाट क्षेत्रों में व्यापक वर्षा गतिविधि के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और अलग-अलग स्थानों पर अति भारी वर्षा की संभावना है।
इसी अवधि में मराठवाड़ा क्षेत्र में छिटपुट से लेकर व्यापक वर्षा गतिविधि के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने यह भी बताया कि इस दौरान बिजली चमकने, गरज के साथ बारिश होने और कभी-कभी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार मुंबई और कोंकण के जिलों में एक बार फिर मानसून का जोर बढ़ने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने 17 अगस्त के लिए मुंबई, ठाणे, रायगड, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी देते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
आईएमडी के अनुसार महाराष्ट्र में 19 अगस्त तक बरसात का सिलसिला जारी रह सकता है। इस समय उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में, दक्षिण ओडिशा व उत्तर आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों के पास कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जो 7.6 किमी ऊंचाई तक फैले चक्रवाती परिसंचरण के साथ पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में यह दक्षिण ओडिशा और उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश को पार करेगा।
इसके साथ ही, उत्तर-पूर्वी अरब सागर और कच्छ के पास एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है, जो महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश की संभावना को और बढ़ा रहा है।