
प्रयागराज।
उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने यात्री सेवा में देशभर में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। भारतीय रेल के 69 मंडलों की रैंकिंग में प्रयागराज मंडल शीर्ष स्थान पर रहा है।
इस वित्तीय वर्ष में ‘रेल मदद’ प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की समस्याओं और सुझावों के समाधान में मंडल को 10,669 ‘एक्सीलेंट’ फीडबैक प्राप्त हुए, जो इसकी उत्कृष्ट कार्यशैली का प्रमाण है। यह ऐप यात्रियों को सुरक्षा, स्वच्छता, खानपान, चिकित्सा और ट्रेन संचालन जैसी सेवाओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराने और तत्काल समाधान पाने की सुविधा देता है।
प्रयागराज मंडल ने न सिर्फ सबसे तेज़ प्रतिक्रिया दी बल्कि शिकायतों का प्रभावी समाधान कर यात्री संतोष को नई ऊँचाई तक पहुँचाया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हिमांशु शुक्ला ने बताया कि मंडल ने यात्री सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मजबूत निगरानी और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था बनाई है।
भारतीय रेल के सभी मंडलों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल करना प्रयागराज मंडल की यात्री सेवा के प्रति प्रतिबद्धता और उत्कृष्टता का परिचायक है।