● पारे में बदलाव के साथ बारिश जारी
● एक अक्टूबर तक बारिश का अनुमान

मुंबई। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 14 सितंबर 2025 को घोषणा की है कि महाराष्ट्र में 2025 का मानसून विदाई की ओर बढ़ना शुरू कर चुका है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय नई मौसम प्रणालियों के कारण मानसून की वापसी में देरी हो सकती है और राज्य के कई हिस्सों में अब भी बारिश जारी रहने की संभावना है। विशेष रूप से महाराष्ट्र में लगभग एक अक्टूबर तक बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार मुंबई, पुणे, नागपुर और अन्य हिस्सों में मानसून का वापसी प्रवास शुरू हो गया है। वहीं, विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में 25 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच भी अतिरिक्त बारिश होने की संभावना है।
राज्य प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की चेतावनी दी है। कृषि और जल प्रबंधन से जुड़े लोगों को भी अगले कुछ दिनों तक मौसम की गतिविधियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।