
मुंबई। विलेपार्ले-पश्चिम स्थित संन्यास आश्रम में श्रीनारायण जयंती महोत्सव 2025 का आयोजन किया गया है। 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आयोजित इस कार्यक्रम में अनंत विभूषित सद्गुरु नारायण महाप्रभु के भक्तों द्वारा नित्य दुर्गा पंचदशी का पाठ, आरती, कीर्तन, माता की भेंट, विजया दशमी विशेष ठीका प्रसाद एवं चरणस्पर्श, तुलसी अर्चन आदि जैसे अनेक धार्मिक कार्यक्रम किए जाएंगे।
इसी क्रम में सद्गुरु नारायण महाप्रभु भक्त मंडल द्वारा अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त रामकथा वाचिका मानस मुक्ता यशुमति जी के व्यासत्व में 22 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रतिदिन सांय 5 से 7 बजे तक श्रीरामकथा का आयोजन भी किया जाएगा। नारायण भक्त सद्गुरु फाउंडेशन ट्रस्ट के चेयरमेन गणेश अग्रवाल ने यह जानकारी देते हुए सभी श्रद्धालुओं को इस मानस मंदाकिनी में अवगाहन हेतु आमंत्रित किया है।
गौरतलब है कि अनंत विभूषित सद्गुरु देव नारायण महाप्रभु का मुख्य आश्रम प्रयागराज, शिवकोटी में स्थित है। प्रयागराज स्थित विशाल आश्रम में मंदिर, गौशाला, जनसेवार्थ प्राथमिक विद्यालय, कन्या पाठशाला, आधुनिक शिक्षा से परिपूर्ण सी. बी. एस. सी. बोर्ड जैसी संस्थाएं तथा आश्रम प्रबंधन द्वारा संचालित आधुनिक सुविधाओं से युक्त अस्पताल भी हैं, जिनका लाभ जनता वर्षों से प्राप्त कर रही है। उक्त जानकारी समाजसेवी दिनेश सिंह ने दी।
