
● पटना। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जहां एनडीए और महागठबंधन अभी सीट बंटवारे की रणनीति तय करने में जुटे हैं, वहीं मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने बाजी मारते हुए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। बिहार में प्रत्याशियों की सूची घोषित करने वाली बसपा पहली पार्टी बन गई है।
पार्टी की ओर से जारी लिस्ट में तीन नाम शामिल हैं-
- भभुआ सीट से लल्लू पटेल, जो वर्तमान में जिला परिषद सदस्य हैं।
- मोहनियां (सु) से ओम प्रकाश दीवाना, भोजपुरी जगत के प्रसिद्ध गायक।
- रामगढ़ सीट से सतीश यादव ऊर्फ पिंटू यादव, जो पूर्व आरजेडी विधायक अंबिका यादव के बेटे हैं।
सतीश यादव पिछली बार हुए उपचुनाव में भी बसपा के प्रत्याशी रहे थे, जहां उन्हें भाजपा उम्मीदवार अशोक कुमार सिंह से महज 1362 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था।
बसपा ने साफ कर दिया है कि वह इस बार बिहार चुनाव में किसी भी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी। मायावती पहले ही घोषणा कर चुकी हैं कि पार्टी राज्य की सभी 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी।
चुनाव को लेकर बसपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हाल ही में पार्टी के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने सर्वजन हिताय जागरूकता यात्रा निकाली, जो 10 दिनों तक चली और विभिन्न जिलों में पार्टी का जनसंपर्क अभियान बनी।
