
मुंबई। नारायण भक्त मंडल, मुंबई द्वारा पहली बार अनंत विभूषित सद्गुरु नारायण महाप्रभु की जयंती का भव्य आयोजन विलेपार्ले (पश्चिम) स्थित संन्यास आश्रम में किया गया।
नारायण महाप्रभु की जयंती प्रतिवर्ष 7 अक्तूबर को मनाई जाती है। भक्तों के जीवन में यह दिन आस्था, भक्ति और कृतज्ञता का महापर्व माना जाता है।
22 सितंबर से प्रारंभ इस जयंती महोत्सव में मानस मुक्ता यशुमति के व्यासत्व में नौ दिवसीय रामकथा, नवरात्रि उत्सव, पूजन, भजन-आरती और टीका-प्रसाद जैसे धार्मिक आयोजन हुए। 7 अक्तूबर को जयंती के अवसर पर एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा संन्यास आश्रम से प्रारंभ होकर भगत सिंह रोड, बजाज रोड, डॉ. अंसारी रोड, बापूभाई वशी रोड, लक्ष्मीनारायण मंदिर, दादाभाई रोड, बजाज रोड होते हुए पुनः संन्यास आश्रम पर संपन्न हुई।
इस जयंती महोत्सव में देश के विभिन्न प्रांतों से भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आस्था और भक्ति के सागर में डूबे सभी श्रद्धालु सद्गुरु नारायण महाप्रभु के प्रति कृतज्ञता व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर नारायण भक्त गणेश अग्रवाल ने कहा, ‘गुरुदेव की यह जयंती हमारे लिए गुरु के प्रति श्रद्धा, भक्ति और कृतज्ञता व्यक्त करने का सुअवसर है। यह आयोजन हमें एक-दूसरे से जोड़ता है और सद्विचारों के आदान-प्रदान का माध्यम बनता है। हमें प्रतिवर्ष नारायण महाप्रभु की जयंती इसी उत्साह और एकता के साथ मनानी चाहिए।’
इस महोत्सव में प्रयागराज के शिवकुटी स्थित नारायण आश्रम से संत गोपी और संत लक्ष्मी का आगमन हुआ। उनके पावन सान्निध्य में नारायण जयंती का मंगल महोत्सव भक्तिमय वातावरण में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
गौरतलब है कि सद्गुरु नारायण महाप्रभु द्वारा प्रयागराज के शिवकुटी में गंगा तट पर स्थापित विशाल नारायण आश्रम में कई मंदिर, नारायण महाप्रभु की समाधि और गौशाला स्थित हैं, जो आस्था और भक्ति का केंद्र हैं। आश्रम द्वारा संचालित कई विद्यालय, सीबीएसई बोर्ड का इंटरमीडिएट कॉलेज, आधुनिक पुस्तकालय और सुविधासंपन्न अस्पताल जैसे सेवा केंद्र भी संचालित हैं, जिनसे जनसामान्य को व्यापक लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर श्रीकांत जोशी (गुरुजी), निर्माण भाई, समाजसेवक गणेश अग्रवाल, ममता अग्रवाल, राघव, नीरज अग्रवाल, अंशुल वर्मा, भजन गायिका सरला मीरचंदानी, सचिन, सौम्या, चंद्रा, वृंदावन से आए भागवताचार्य श्यामसुंदर गोसावी, भागवताचार्य श्यामजी महाराज, भागवताचार्य रामबिहारी दास, भागवत व्यास बालकृष्ण, चेतन भाई, राजेश सिंह, नैसर्गिक विकलांग सेवा संघ के अध्यक्ष टी. एन. दूबे, सुरेश शुक्ला, समाजसेवक विजय सिंह तथा हम रामजी हमारे हैं सेवा ट्रस्ट, मुंबई के सह-सचिव दिनेशप्रताप सिंह आदि ने उपस्थिति दर्ज कर पुण्यवर्धन किया।
