कहा-यह भारत-साइप्रस मित्रता को समर्पित

निकोसिया (साइप्रस)।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारिओस ।।।’ से नवाजा है। दो दिवसीय दौरे पर साइप्रस पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी का वहां भव्य स्वागत हुआ। सम्मान समारोह के दौरान साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडुलाइड्स ने उन्हें यह प्रतिष्ठित अलंकरण प्रदान किया।
इस सम्मान को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने गहरी प्रसन्नता जाहिर की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘साइप्रस का सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारिओस III’ से सम्मानित होकर अभिभूत हूं। यह सम्मान मैं भारत और साइप्रस के बीच प्रगाढ़ मित्रता को समर्पित करता हूं।’
प्रधानमंत्री ने साइप्रस की जनता और मीडिया का भी आभार जताया और इस ऐतिहासिक क्षण का एक वीडियो साझा किया। अपने संदेश में उन्होंने कहा,
‘मैं यह सम्मान समस्त भारतीयों की ओर से अत्यंत विनम्रता और कृतज्ञता के साथ स्वीकार करता हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि भारत और साइप्रस की साझेदारी आने वाले वर्षों में और मजबूत होगी। हम मिलकर न केवल अपने देशों के विकास में सहायक बनेंगे बल्कि एक शांतिपूर्ण और सुरक्षित विश्व व्यवस्था के निर्माण में भी योगदान देंगे।’
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ती हुई कूटनीतिक घनिष्ठता और सहयोग का प्रतीक बन गई है।