
● मुंबई।
अरब सागर में बने कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती तूफान मोंथा के प्रभाव से दक्षिण भारत के कई हिस्सों के साथ मुंबई और कोंकण तट पर भी मौसम का मिज़ाज बदल गया। भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई, ग्रेटर मुंबई और कोंकण रीजन में अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान करीब 75 प्रतिशत क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ व्यापक बारिश हो सकती है। हवाओं की रफ्तार 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। समुद्र में ऊँची लहरों के मद्देनजर मछुआरों को गहरे पानी में न जाने की सख्त चेतावनी दी गई है।

रविवार दोपहर बाद से ही मुंबई का आसमान घने बादलों से ढक गया और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। ठाणे, नवी मुंबई, कल्याण और अंबरनाथ क्षेत्रों में दोपहर 1 से 2 बजे के बीच भारी बारिश हुई, जिससे कुछ सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी। हालांकि छुट्टी के दिन होने के कारण यातायात पर इसका अधिक असर नहीं पड़ा।
मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार को भी शहर और उपनगरों में बादल छाए रहेंगे और हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। साथ ही, दिनभर रुक-रुककर मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
