
● मुंबई।
मुंबई भाजपा ‘आवाज मुंबईकरों का, संकल्प भाजपा का’ शीर्षक से तीन दिवसीय ‘घर चलो अभियान’ कल से शुरू करने जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों के सुझावों, अपेक्षाओं और राय को जानना तथा उनके आधार पर मुंबई के बहुआयामी विकास के लिए नीतियां और कार्यक्रम तैयार करना है।
मुंबई भाजपा अध्यक्ष तथा विधायक अमित साटम ने बताया कि यह अभियान शुक्रवार, शनिवार और रविवार अर्थात् 31 अक्तूबर, 1 नवंबर और 2 नवंबर तक पूरे मुंबई में बड़े पैमाने पर चलाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर, रेलवे स्टेशनों, कॉलेज परिसरों और विभिन्न समाज वर्गों तक पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे।
विधायक साटम ने कहा कि यह पहल ‘घर चलो अभियान’ की तर्ज पर चलाई जाएगी। इसमें प्रतिष्ठित नागरिकों, छात्रों, कामकाजी वर्ग और आम मुंबईकरों के साथ प्रत्यक्ष संवाद पर विशेष बल दिया जाएगा।
अमित साटम शुक्रवार सुबह 6:30 बजे नेशनल पार्क का दौरा करेंगे, दोपहर 3 बजे पद्मश्री अशोक सराफ से मुलाकात कर अभियान पर चर्चा करेंगे जबकि रविवार सुबह 6:30 बजे मरीन ड्राइव पर नागरिकों से संवाद करेंगे।
मुंबई भाजपा का यह तीन दिवसीय अभियान नागरिक भागीदारी के माध्यम से मुंबई के विकास के लिए नया संकल्प प्रस्तुत करेगा। इससे पहले विधायक साटम ने इसी अभियान के अंतर्गत हमाल बंधुओं, सफाई कर्मचारियों, डब्बेवालों और आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों से भी संवाद कर उनके सुझाव और अपेक्षाएं जानी थीं।
