■ मुंबई में पूज्य श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज के श्रीमुख से भागवत कथा

● मुंबई।
भाईंदर-पूर्व स्थित बालासाहेब ठाकरे मैदान, इन्द्रलोक फेज-3 में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के पंचम दिवस पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा का आयोजन मुंबई आयोजक समिति द्वारा किया गया है, जिसमें पूज्य श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज के सान्निध्य में भक्तों ने अध्यात्म और धर्म का अमृतपान किया।
इस अवसर पर आयोजकों ने महाराज श्री का भव्य स्वागत किया। उन्हें 21 फीट लंबी और 35 किलो वजनी पुष्पमाला पहनाकर श्रद्धा-सम्मान अर्पित किया गया।

कथा के दौरान प्रसिद्ध अभिनेता राज प्रेमी ने व्यासपीठ का आशीर्वाद प्राप्त कर कथा श्रवण किया, वहीं सुप्रसिद्ध भजन गायक रूहानी ने अपनी सुरीली वाणी से भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
अपने प्रवचन में पूज्य ठाकुर जी महाराज ने कहा कि जब-जब संसार में अधर्म, अन्याय और अंधकार बढ़ता है, तब-तब भगवान स्वयं अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं। श्रीराम ने रावण का और श्रीकृष्ण ने कंस का विनाश किया क्योंकि ईश्वर सदा धर्म की रक्षा के लिए आते हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि सत्य कठिन अवश्य है, पर वही मोक्ष का द्वार खोलता है। झूठ से मिलने वाला सुख क्षणिक होता है, जबकि सत्य आत्मा को शांति देता है। सच्चा ज्ञान वही है जो दूसरों के जीवन में प्रकाश फैलाए और मानवता के कल्याण में सहायक बने।
यह कथा 2 से 8 नवम्बर 2025 तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।
