
■ मुंबई।
अंधेरी-पूर्व स्थित सभागार में आयोजित एक भव्य समारोह में सन् 1992 में स्थापित प्रतिष्ठित सामाजिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक संस्था भारतीय सदविचार मंच की अंधेरी शाखा का उद्घाटन समारोह, अंधेरी-पूर्व के लोकप्रिय विधायक मुरजी पटेल (काका) के हाथों संपन्न हुआ।
संस्था के संस्थापक एवं मुख्य मार्गदर्शक डॉ. राधेश्याम तिवारी की अध्यक्षता में सम्पन्न इस समारोह में सैकड़ों गणमान्य व्यक्तियों की प्रेरक उपस्थिति रही। संस्था अध्यक्ष डॉ. शिवश्याम तिवारी ने शाखा अध्यक्ष पद के लिए वर्षों से संस्था से सक्रिय रूप से जुड़े वरिष्ठ समाजसेवी प्रेमचंद (बाबा) तिवारी के नाम की घोषणा की। इस घोषणा पर सभागार में उपस्थित सभी लोगों ने हर्षध्वनि के साथ समर्थन व्यक्त करते हुए प्रसन्नता प्रकट की।
मुख्य अतिथि विधायक मुरजी पटेल ने अपने संबोधन में नव-नियुक्त शाखा अध्यक्ष प्रेमचंद (बाबा) तिवारी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए संस्था को हर प्रकार के सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने संस्था को एक लाख ग्यारह हजार रुपए के अनुदान तथा कार्यालय व्यवस्था उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
संस्था के शुभचिंतक और शिक्षाविद् चिंतामणि पाण्डेय ने भी संस्था को पच्चीस हजार रुपए का अनुदान प्रदान किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी श्रीकांत पाण्डेय, शिक्षाविद् डॉ. हृदयनारायण मिश्रा, केंद्रीय कार्यकारिणी के महामंत्री नागेन्द्र मिश्रा, कोषाध्यक्ष महेंद्रकुमार मिश्रा, सदस्य सूर्यप्रकाश (संतोष) मिश्रा, कमलाकांत त्रिपाठी, उमेश सिंह, पूर्व नगरसेवक सुरेंद्र दुबे, पूर्व नगरसेविका संध्या सुनील यादव, कांग्रेसी नेता रमेश मिश्रा, भाजपा नेता अखिलेश सिंह, शिवसेना (उबाठा) नेता कैलाश पाठक, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अशोक पाण्डेय, वरिष्ठ समाजसेवी रामआसरे उपाध्याय, जगत गौतम, पत्रकार उत्तम पाण्डेय, समाजसेवी आलोक पाण्डेय, अरुण दुबे, पत्रकार धनंजय मिश्रा तथा सिटी न्यूज चैनल के संचालक प्रमोद श्यामाचरण पाण्डेय की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आनंद उपाध्याय और विपिन पाण्डेय की विशेष भूमिका रही। नव-नियुक्त शाखा अध्यक्ष प्रेमचंद तिवारी ने इस अवसर पर पांच सदस्यीय कार्यसमिति की भी घोषणा की।
