
● मुंबई।
आईपीएल 2026 सीजन से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के बीच एक अहम ट्रेड संपन्न हुआ है। टीम इंडिया के ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर अब मुंबई इंडियंस का हिस्सा बन गए हैं। आईपीएल ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि की। इसके साथ ही गुजरात टाइटंस के ऑलराउंडर शेरफेन रदरफोर्ड को भी मुंबई ने ट्रेड कर अपनी टीम में शामिल कर लिया है। इस तरह हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस को दो बड़े ऑलराउंडरों का साथ मिल गया है।
‘पालघर एक्सप्रेस’ के नाम से मशहूर शार्दुल ठाकुर को नीता अंबानी की फ्रेंचाइज़ी ने उनकी मौजूदा फीस पर ही टीम में जोड़ा है। शार्दुल ने पिछले सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेला था और 10 मैचों में हिस्सा लिया था। अब वह फिर से अपने घरेलू राज्य की टीम, मुंबई, के लिए खेलते नजर आएंगे। आईपीएल के मुताबिक उन्हें 2 करोड़ रुपये की मौजूदा फीस पर ही ट्रेड किया गया है।
वहीं, वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर शेरफेन रदरफोर्ड भी 2.6 करोड़ रुपये की कीमत पर मुंबई इंडियंस में लौट आए हैं। रदरफोर्ड इससे पहले वर्ष 2020 में भी मुंबई की टीम का हिस्सा रह चुके हैं।
आईपीएल द्वारा जारी मीडिया एडवाइजरी में कहा गया, “शार्दुल ठाकुर को मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स से ट्रेड किया है। पिछले सीजन में वह लखनऊ के लिए इंजरी रिप्लेसमेंट के रूप में खेले थे, और अब 2026 में मुंबई के रंग में दिखेंगे।”
मुंबई इंडियंस की इस रणनीतिक चाल से टीम की ऑलराउंडर क्षमता और मजबूत हो गई है, जो आगामी सीजन में उसकी सबसे बड़ी ताकत साबित हो सकती है।
