■ बोले, बिहार की धमाकेदार जीत का सिलसिला मुंबई में भी जारी रहेगा

● मुंबई।
‘बिहार में भाजपा की प्रचंड जीत देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास की मुहिम और सुशासन के मंत्र पर जनता के भरोसे की मुहर है। देश सकारात्मक राजनीति चाहता है, विपक्ष के बंटवारे की लड़ाई को नया भारत पूरी तरह से नकार रहा है; चाहे वो लोग जो कांग्रेस के साथ गए हैं, चाहे तेजस्वी हों, अखिलेश हों या उद्धव ठाकरे हों, सभी की हार तय है।’ उक्त उद्गार श्री सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष और मुंबई भाजपा के नवनियुक्त महामंत्री आचार्य पवन त्रिपाठी ने व्यक्त किए।
त्रिपाठी ने पूरे विश्वास के साथ कहा कि महाराष्ट्र में होने वाले मनपा समेत पूरे राज्य के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा का परचम लहराएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में मनपा में भाजपा का महापौर आएगा, महायुति की जीत होगी। उन्होंने कहा कि मुंबई की जनता को देवाभाऊ के वादों पर भरोसा है। देवेंद्र जी के नेतृत्व में मेट्रो, कोस्टल रोड, वाटर ट्रांसपोर्ट, एलिवेटेड रोड का काम शुरू है। मुंबई को सुरक्षित और विकसित बनाने का भाजपा का संकल्प है।
