● राजेश विक्रांत की पुस्तक के विमोचन में जुटे लेखक, पत्रकार व राजनेता

मुंबई।
शहर की अग्रणी साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था ‘आशीर्वाद’ द्वारा आयोजित लेखक एवं वरिष्ठ पत्रकार राजेश विक्रांत की नई पुस्तक ‘आमची मुंबई-2’ का विमोचन समारोह शुक्रवार 20 जून की शाम को गोरेगांव के अजंता पार्टी हॉल में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ल ने कहा कि मैं राजेश विक्रांत जी की लेखन प्रतिभा से दोपहर का सामना के शुरू के दिनों से परिचित हूं। ‘आमची मुंबई भाग 1’ के बाद यह पुस्तक मुंबई के सभी पक्षों को उजागर करती है। मुंबई के बारे में जानने में यह पुस्तक काफी मददगार होगी।

कोंकण रेलवे के अध्यक्ष सह प्रबंधक संतोष कुमार झा, अभिनेता विष्णु शर्मा, दैनिक भास्कर के संपादक भुवेंद्र त्यागी, आशीर्वाद के निदेशक डॉ उमाकांत बाजपेयी, अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल, सुभाषचंद्र अग्रवाल, श्री सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी, वरिष्ठ साहित्यकार हृदयेश मयंक, वरिष्ठ पत्रकार विमल मिश्र, वरिष्ठ लेखक व उपन्यासकार रहमान अब्बास, वरिष्ठ क्राइम रिपोर्टर सुनील मेहरोत्रा व विवेक अग्रवाल, वरिष्ठ पत्रकार व कवि हरि मृदुल, वरिष्ठ पत्रकार जीतेंद्र दीक्षित, शराफत खान व नितीन सालुंखे की उपस्थिति में पुस्तक का विमोचन किया गया। इसके पहले संतोष कुमार झा को आशीर्वाद राजभाषा रत्न पुरस्कार प्रदान किया गया।
अतिथियों का स्वागत आशीर्वाद की सहनिदेशिका नीता बाजपेयी, सरताज मेहदी, संगीता बाजपेयी व साहित्यकार डॉ जे पी बघेल ने किया। कार्यक्रम का संचालन कवि-साहित्यकार देवमणि पांडेय ने और आभार प्रदर्शन पुस्तक के लेखक राजेश विक्रांत ने किया।