
वूमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का मेगा ऑक्शन 27 नवंबर को नई दिल्ली में होगा। रिटेंशन लिस्ट जारी होने के बाद लीग ने यह तिथि घोषित की है। इस बार प्रत्येक फ्रेंचाइज़ी अधिकतम 18 खिलाड़ियों की टीम बना सकेगी। कुल 73 स्लॉट खाली हैं, जिनमें 23 विदेशी खिलाड़ियों की जगह भी शामिल है।
यूपी वारियर्स के बड़े बदलाव
यूपी वारियर्स ने केवल अनकैप्ड श्वेता सहरावत को रिटेन किया है, इसलिए वे सबसे बड़े बदलाव करते दिखाई देंगे। उनके पास सबसे बड़ा पर्स है और चार ‘राइट टू मैच’ (RTM) विकल्प भी उपलब्ध हैं।
मुंबई और दिल्ली ने 5-5 खिलाड़ी रखे
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली चैंपियन मुंबई इंडियंस और तीन बार की उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स ने पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया है। दिल्ली ने शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स को भी बरकरार रखा है। दोनों टीमों के पास इस बार कोई RTM विकल्प नहीं होगा।

स्मृति मंधाना अब भी सबसे महंगी क्रिकेटर
WPL इतिहास की सबसे महंगी खिलाड़ी स्मृति मंधाना (3.4 करोड़, RCB–2023) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने फिर रिटेन किया है। कुल मिलाकर पांच टीमों ने 17 खिलाड़ियों को (जिनमें सात विदेशी शामिल हैं) रिटेन किया। सभी फ्रेंचाइज़ी मिलकर इस ऑक्शन में 41.1 करोड़ रुपए खर्च कर सकेंगी।
बड़ी स्टार्स होंगी ऑक्शन लिस्ट में
महिला विश्वकप 2025 की प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट दीप्ति शर्मा सहित कई दिग्गज खिलाड़ी इस बार ऑक्शन में होंगी। उम्मीद है कि लिस्ट में दक्षिण अफ्रीका की लौरा वोल्वार्ट, ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली और मेग लैनिंग, न्यूजीलैंड की अमेलिया केर और नादिन डी क्लार्क जैसी कई बड़ी विदेशी स्टार्ट्स भी शामिल होंगी। खिलाड़ियों की पूरी सूची लीग जल्द जारी करेगी।
