
‘सैराट’ से अपने सशक्त अभिनय की पहचान बनाने वाली रिंकू राजगुरु एक बार फिर चर्चा में हैं। उनकी आने वाली मराठी फिल्म ‘आशा’ का टीजर हाल ही में जारी किया गया, जिसे सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। इस टीज़र में रिंकू का नया रूप देखने को मिल रहा है, जो दर्शकों को खासा आकर्षित कर रहा है।
फिल्म ‘आशा’ एक साधारण लड़की के संघर्ष और उसके जीवन में आने वाले बड़े मोड़ों की कहानी कहती है। टीजर में यह साफ दिखता है कि कैसे कुछ निर्णायक घटनाएं उसके जीवन की दिशा बदल देती हैं। एक तरफ मासूम और सहज रिंकू तो दूसरी तरफ गहरी भावनाओं से भरी गंभीर रिंकू, दोनों रूपों की झलक टीजर में प्रभावी ढंग से उभरती है। उनके अभिनय के कई आयाम इसमें स्पष्ट नजर आते हैं।
फिल्म की टैगलाइन “बाई अडलीये… म्हणूनच ती नडलीये” खास ध्यान खींचती है, जो कहानी के मर्म का संकेत देती है। साथ ही, फिल्म की रिलीज तारीख भी घोषित कर दी गई है। ‘आशा’ 19 दिसम्बर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि रिलीज़ से पहले ही यह फिल्म 61वें महाराष्ट्र राज्य मराठी चित्रपट पुरस्कार समारोह में चार पुरस्कार हासिल कर चुकी है।
इस फिल्म में सायंकित कामत, उषा नाईक, शुभांगी भुजबल, सुहास शिरसाट, दिशा दानडे, दिलीप घारे और हर्षा गुप्ते महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
