■ उद्घाटन मैच और फाइनल अहमदाबाद में और एक सेमी फाइनल मुंबई में

● नई दिल्ली
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाला यह टूर्नामेंट फरवरी-मार्च के बीच खेला जाएगा। आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं हुआ है लेकिन मौजूदा संकेतों के अनुसार विश्व कप 7 फरवरी से 8 मार्च तक आयोजित होने की पूरी संभावना है।
सबसे ज्यादा चर्चा भारत-पाकिस्तान के महामुकाबले को लेकर है। Revsportz की रिपोर्ट बताती है कि यह हाई-वोल्टेज मैच 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जा सकता है। बीसीसीआई और पीसीबी पहले ही तय कर चुके हैं कि भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत न्यूट्रल वेन्यू पर होगी। चूंकि श्रीलंका सह मेजबान है, इसलिए कोलंबो इस टक्कर के लिए सबसे उपयुक्त मैदान माना जा रहा है।

रिपोर्ट्स यह भी बताती हैं कि भारत अपना पहला मैच संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) के खिलाफ खेलेगा, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यह टूर्नामेंट का ओपनिंग मुकाबला होगा या नहीं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम को उद्घाटन मैच और फाइनल दोनों की मेजबानी के लिए चुना गया है। यदि पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है, तो खिताबी मुकाबला कोलंबो शिफ्ट किया जाएगा।
महाराष्ट्र का ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम एक सेमीफाइनल की मेजबानी के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। दूसरा सेमीफाइनल स्थल तय नहीं है, क्योंकि पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा और ऐसी स्थिति में उसका सेमीफाइनल भी भारत में संभव नहीं होगा।
भारत में मुकाबले जिन पांच शहरों में आयोजित हो सकते हैं, उनमें अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई शामिल हैं। श्रीलंका की ओर से कोलंबो, पल्लेकेल और दांबुला/हंबनटोटा संभावित स्थलों में गिने जा रहे हैं।
