
बिहार–मुज़फ़्फ़रपुर।
प्रेममूर्ति पूज्यश्री प्रेमभूषण महाराज के व्यासत्व में हरियाणा सेवासंघ द्वारा पानी टंकी चौक स्थित जिला स्कूल परिसर में 30 दिसम्बर तक आयोजित नौ दिवसीय रामकथा महोत्सव में उन्होंने कहा कि मिथिला भूमि पर सम्पन्न सभी मंगल प्रसंगों का गायन करने से जीवन में सुख और मंगल की उपस्थिति होती है। इसी भाव से सभी महापुरुषों ने मिथिला के मंगल विवाह उत्सव पर अनेक पदों की रचना की और उनका गायन किया है।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव भी अमंगल का हरण करने वाले राम नाम का ही जप करते हैं। रामयश मंगल का घर है, जो गाएगा और सुनेगा, उसका मंगल अवश्य होगा।
प्रेमभूषण महाराज ने कहा कि सुख और दुःख में समभाव बनाए रखना मनुष्य के लिए कठिन होता है। रामजी के युवराज पद पर अभिषेक प्रसंग की लीला का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि संसार का समस्त व्यवहार क्षण-प्रतिक्षण विधि द्वारा नियंत्रित है। हम चाहकर भी कुछ नहीं कर सकते, इसलिए संसार के सभी कार्यों को साथ लेकर चलते हुए जीवन जीना चाहिए। आयु और समय का अलग-अलग वर्गीकरण कर कार्य नहीं करना चाहिए।
रामकथा में कैकयी और मंथरा के प्रसंग की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सात दिनों तक किसी के एक ही भाव और स्वभाव को मानकर व्यवहार नहीं करना चाहिए, क्योंकि जीव की बुद्धि नित्य परिवर्तनशील है। इसमें भगवान का कोई दोष नहीं है। स्पर्श दोष अत्यंत प्रभावी होता है। ऐसा ही दोष कैकयी को लगा, जिसके कारण भगवान को राजगद्दी के स्थान पर वनवास जाना पड़ा।

प्रेमभूषण महाराज की रामकथा श्रृंगवेरपुर गंगा तट पर पहुँचती है। केवट प्रेम प्रसंग का सुंदर वर्णन करते हुए व्यवहार घाट के ओजस्वी वक्ता ने कहा कि कथा तो सभी सुनते हैं, पर समझने वाले बहुत कम होते हैं। जिस प्रकार केवट जी ने कथा सुनकर यह बात पकड़ ली कि सारा कमाल रामजी के चरणों में है और उनकी भक्ति प्रभु चरणों में दृढ़ हो गई, उसी प्रकार साधक को भी किसी एक लक्ष्य को पकड़कर जीवन जीना चाहिए। जीवन में जो कुछ भी प्राप्त है, उसे सौभाग्य मानकर सराहना करनी चाहिए और ईश्वर को धन्यवाद देना चाहिए।
केवट प्रसंग से सुंदर संदेश देते हुए प्रेमभूषण महाराज ने कहा कि जीवन का हर सत्कर्म परिवार सहित करना चाहिए।प्रेमभूषण महाराज ने कथा में प्रसंगानुसार अपने लोकप्रिय सुमधुर भजनों का गायन कर उमड़े श्रोताओं के सैलाब को भावविभोर कर दिया।
मुज़फ़्फ़रपुर के इस नौ दिवसीय मानस महाकुंभ में उमड़े जनसमूह के साथ अतिथि के रूप में उपस्थित पुष्पा शाह, विधायक पंकज मिश्रा, विधायक केदार बाबू तथा पटना से आए समाजसेवी संजय मिश्रा सहित अन्य गणमान्य जनों ने भी अवगाहन किया।
