■ पश्चिम व सेंट्रल रेलवे पर जंबो मेगा ब्लॉक

● मुंबई
उपनगरीय रेल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए 4 जनवरी 2026 चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। पश्चिम रेलवे और सेंट्रल रेलवे पर रखरखाव व इंजीनियरिंग कार्यों के कारण जंबो मेगा ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके चलते कई लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी, कुछ के रूट बदले जाएंगे और यात्रियों को अतिरिक्त समय लग सकता है। रेलवे प्रशासन ने यात्रा से पहले जानकारी लेकर ही घर से निकलने की अपील की है।
पश्चिम रेलवे का मेगा ब्लॉक
पश्चिम रेलवे पर ग्रांट रोड–मुंबई सेंट्रल के बीच विकास कार्य के चलते शनिवार–रविवार, 3/4 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि 11 बजे से रविवार दोपहर 12 बजे तक अप और डाउन स्लो लाइनों पर 13 घंटे का मेजर ब्लॉक रहेगा।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार इस दौरान मुंबई सेंट्रल–चर्चगेट के बीच अप स्लो लाइन की सभी लोकल ट्रेनें अप फास्ट लाइन पर चलेंगी, जबकि चर्चगेट–माहिम के बीच डाउन स्लो लाइन की लोकल ट्रेनें डाउन फास्ट लाइन से संचालित होंगी। प्लेटफॉर्म की सीमित उपलब्धता के कारण महालक्ष्मी, प्रभादेवी, माटुंगा रोड, लोअर परेल और माहिम स्टेशनों पर लोकल ट्रेनों का ठहराव नहीं होगा।
ब्लॉक अवधि में कुछ लोकल सेवाएं रद्द रहेंगी जबकि चर्चगेट की ओर जाने वाली कुछ ट्रेनों को बांद्रा या दादर स्टेशन पर ही समाप्त या रिवर्स किया जाएगा।
इसके अलावा डाउन स्लो लाइन पर रात 11.30 बजे से सुबह 7 बजे तक 7.30 घंटे का अतिरिक्त मेजर ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान यात्रियों को बांद्रा या दादर से माहिम, माटुंगा रोड, प्रभादेवी, लोअर परेल और महालक्ष्मी की ओर विपरीत दिशा की लोकल ट्रेनों से यात्रा की अनुमति दी जाएगी।
चर्चगेट से महालक्ष्मी, लोअर परेल या प्रभादेवी जाने वाले यात्री दादर स्टेशन पर उतरकर उसी टिकट पर अप स्लो लाइन से यात्रा कर सकेंगे, जबकि माटुंगा रोड और माहिम जाने वाले यात्री बांद्रा स्टेशन से विपरीत दिशा की लोकल पकड़ सकते हैं। रद्द और आंशिक रूप से प्रभावित ट्रेनों की जानकारी संबंधित स्टेशन मास्टरों से प्राप्त की जा सकती है।

सेंट्रल रेलवे पर भी मेगा ब्लॉक
सेंट्रल रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल निला के अनुसार, रविवार 4 जनवरी 2026 को मुंबई मंडल की मेन लाइन और ट्रांस-हार्बर लाइन पर भी मेगा ब्लॉक लिया जाएगा।
माटुंगा–मुलुंड के बीच अप और डाउन स्लो लाइन पर सुबह 11.05 बजे से दोपहर 3.55 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान सीएसएमटी से चलने वाली डाउन स्लो लोकल ट्रेनें माटुंगा–मुलुंड के बीच डाउन फास्ट लाइन से चलेंगी और सायन, कुर्ला, घाटकोपर, विक्रोली, भांडुप व मुलुंड स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। यात्रियों को लगभग 15 मिनट की देरी का सामना करना पड़ सकता है।
ठाणे से चलने वाली अप स्लो लोकल ट्रेनें भी इसी अवधि में मुलुंड–माटुंगा के बीच अप फास्ट लाइन पर संचालित होंगी।
ट्रांस-हार्बर लाइन पर ठाणे–वाशी/नेरुल के बीच सुबह 11.10 बजे से शाम 4.10 बजे तक सभी सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। इस दौरान ठाणे से वाशी, नेरुल, पनवेल और इन स्टेशनों से ठाणे की ओर चलने वाली सभी ट्रेनें रद्द रहेंगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे वैकल्पिक यात्रा योजना बनाएं और समय से पहले स्टेशन पहुंचकर असुविधा से बचें।

Thanks