■ बोरीवली-गोराई में जुटेंगे सत्संग प्रेमी
■ 10 दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव आज से शुरू

मुंबई।
आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रसार के उद्देश्य से श्री राम जानकी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा बोरीवली में श्रीरामकथा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह 10 दिवसीय आध्यात्मिक अनुष्ठान 4 जनवरी से 13 जनवरी 2026 तक बोरीवली पश्चिम स्थित श्री छत्रपति शिवाजी महाराज क्रीडांगण (पेप्सी ग्राउंड) में प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित होगा।
महोत्सव में सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य श्री ब्रह्मानंद शास्त्री जी भगवान श्रीराम के जीवन, मर्यादा, आदर्श और लोककल्याणकारी मूल्यों पर आधारित कथा का सजीव वर्णन करेंगे। कथा के माध्यम से सामाजिक सद्भाव, त्याग और नैतिक मूल्यों को जनमानस तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
- ट्रस्ट अध्यक्ष शंभूनाथ मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन के मुख्य यजमान अरुण मिश्र एवं श्रीमती रेनु अरुण मिश्र हैं। महोत्सव को सफल बनाने में अमित अमरकांत झा, एडवोकेट अशोक मिश्रा, विनोद तिवारी, जनार्दन दुबे, सच्चिदानंद यादव, एडवोकेट अंकित शुक्ल, राजकुमार पांडे, महेंद्र विश्वकर्मा, शेखर खंडाले, प्रेम तिवारी सहित अनेक वरिष्ठ मार्गदर्शक, पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन केवल धार्मिक कथा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का भी सशक्त माध्यम बनेगा। महोत्सव का शुभारंभ 4 जनवरी 2026 को शाम 4 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता अपेक्षित है।
श्री राम जानकी चैरिटेबल ट्रस्ट ने मुंबई सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से परिवार सहित उपस्थित होकर श्रीरामकथा श्रवण का पुण्य लाभ लेने की अपील की है।
