■ मुसीबत में हेल्पलाइन नंबर 7229034690 पर संपर्क की सलाह

● मुंबई
महिला यात्रियों को सुरक्षित और निश्चिंत यात्रा का भरोसा दिलाने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल द्वारा अंधेरी रेलवे स्टेशन पर विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। यह अभियान ऑपरेशन महिला सुरक्षा के अंतर्गत ‘मेरी सहेली’ पहल के रूप में चलाया गया।
अभियान का नेतृत्व एएसआई महेंद्र कुमार एवं एएसआई दयाराम यादव ने किया। उनके साथ मौजूद आरपीएफ स्टाफ ने स्टेशन परिसर में अकेले अथवा समूह में यात्रा कर रही महिला यात्रियों से सीधे संवाद स्थापित किया और उन्हें सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारियां प्रदान कीं।
महिला यात्रियों को बताया गया कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा, असुरक्षा या आपात स्थिति उत्पन्न होने पर वे तुरंत रेलवे प्रशासन द्वारा जारी महिला हेल्पलाइन नंबर 7229034690 पर संपर्क कर सकती हैं। साथ ही उन्हें यह भी जागरूक किया गया कि किसी संदिग्ध गतिविधि या स्थिति में ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ अथवा जीआरपी कर्मियों को तुरंत सूचित करें।
आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार ‘मेरी सहेली’ अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को भयमुक्त वातावरण में आत्मविश्वास के साथ यात्रा करने की सुविधा देना है। इसके तहत रेलवे परिसर में महिला सुरक्षा को लेकर निरंतर निगरानी, सहायता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
रेलवे प्रशासन ने महिला यात्रियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की परेशानी या खतरे की आशंका होने पर बिना संकोच हेल्पलाइन अथवा सुरक्षा कर्मियों से संपर्क करें।
इस जागरूकता अभियान को महिला यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
